युवक मंगल का फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

बारासात : युवक की गला रेतकर हत्या

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : बारासात के अशोकनगर के बीरा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ दोस्तों के साथ सजी शराब की महफिल ही एक युवक के लिए 'मौत की महफिल' बन गई। महक 19 साल के मंगल साधक की उसके ही कथित दोस्तों ने गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि दोस्तों ने ही मंगल की जीवनलीला समाप्त कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।

नींद से जगाकर ले गए थे दोस्त

मृतक के परिजनों ने बताया कि मंगल मूल रूप से न्यू बैरकपुर के लेनिनगढ़ का निवासी था, लेकिन बचपन से ही बीरा में अपने मामा के घर रहता था और एक बैग कारखाने में काम करता था। घटना वाले दिन वह घर पर सो रहा था, तभी उसके दो दोस्त— विजय और डुकु उसे बुलाकर ले गए। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि मंगल दोबारा जिंदा घर नहीं लौटेगा।

धारदार हथियार से किया वार

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद गहरा गया। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपितों ने धारदार हथियार से मंगल पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। स्थानीय लोगों ने जब लहूलुहान हालत में उसे देखा, तो पुलिस को सूचना दी। हालांकि, अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया था।

पुलिसिया कार्रवाई और आक्रोश

हाबरा थाना पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। मृतक के भाई बापन साधक ने दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हत्या केवल तात्कालिक विवाद थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश।

SCROLL FOR NEXT