निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा थाना क्षेत्र में हावड़ा कोर्ट के सीजीएम गेट के बाहर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फुटपाथ से गुजर रहे एक युवक को अचानक बिजली का झटका लग गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि युवक फुटपाथ से गुजर रहा था, तभी वह बिजली के संपर्क में आ गया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया। घायल युवक की पहचान सद्दाम के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने संबंधित स्थान को बस लगाकर घेर दिया, ताकि आम लोगों को वहां जाने से रोका जा सके। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस और विद्युत विभाग की ओर से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फुटपाथ पर बिजली का करंट कैसे आया। मामले की जांच जारी है।