निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: उलूबेड़िया महकमा शासक (SDO) कार्यालय परिसर में राज्य सरकार की 'अन्नपूर्णा योजना' का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से अवैध रूप से पैसे वसूलने वाले एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उलूबेड़िया के धुलासिमुला निवासी गुंजन मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अन्नपूर्णा योजना की सूची में अपना नाम देखने और जानकारी जुटाने के लिए रोज बड़ी संख्या में महिलाएं उलूबेड़िया एसडीओ दफ्तर पहुंचती हैं। आरोपी गुंजन मंडल महिलाओं की इसी मासूमियत और मजबूरी का फायदा उठाता था। वह योजना की सूची में नाम शामिल कराने और सरकारी राशि दिलवाने का वादा करके महिलाओं से रुपये ऐंठ रहा था।
बुधवार की सुबह जब आरोपी एक महिला से रुपये वसूल रहा था, तभी पुलिस ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि उसने पहले ठगी गई एक महिला को उसके पैसे वापस भी कर दिए थे। उलूबेड़िया थाना पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अब तक कितनी महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है और इस गिरोह में कोई अन्य शामिल है या नहीं।