टॉप न्यूज़

मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा, खेमचंद शाम छह बजे मुख्यमंत्री के तौर पर लेंगे शपथ

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर में सरकार बनाने का दावा पेश किया।

Narendra Kumar Singh

नई दिल्ली/ इंफालः राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह बुधवार शाम छह बजे मणिपुर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। प्रदेश भाजपा ने यह जानकारी दी।शपथ ग्रहण समारोह ‘लोक भवन’ में होगा, जहां सुबह से ही तैयारियां जारी हैं। इधर एक सरकारी अधिसूचना में बताया गया है कि मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया है।

भाजपा की मणिपुर इकाई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वाई खेमचंद सिंह का मणिपुर के माननीय मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह आज यानी चार फरवरी 2026 को शाम छह बजे लोक भवन में होगा।’’ इसमें आगे कहा गया, ‘‘उनके अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व में मणिपुर शांति, विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है, जिससे राज्य में स्थिरता और प्रगति का एक नया युग शुरू होगा।’’

अशांत मणिपुर में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है।

इससे पहले सिंह के नेतृत्व में राजग के प्रतिनिधिमंडल ने यहां लोक भवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। भल्ला से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में चुराचांदपुर और फेरजॉल के कुकी-जो बहुल जिलों के दो विधायक शामिल थे। सिंह को मंगलवार को नयी दिल्ली में भाजपा विधायक दल का नेता और उसके बाद राजग विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा विधायक थोंगबम बिस्वजीत ने पहले कहा था कि सिंह समेत पांच विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।

जातीय हिंसा में 260 लोगों की मौत

गौरतलब है कि मणिपुर में मई 2023 से जारी जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री के अनुसार, इस संघर्ष में हुई मौतों में से अधिकांश शुरुआती दिनों में हुईं। इस हिंसा के कारण लगभग 60,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं और राज्य में मैतेई तथा कुकी समुदायों के बीच तनाव बरकरार है। इस हिंसा की वजह से ही तत्कालीन बीरेन सिंह की सरकार चली गई थी। विपक्ष की लगातार आलोचना के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। 

SCROLL FOR NEXT