सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

विवाहिता का फंदे से लटका शव बरामद

पिता ने पहले लगाया राजनीतिक हत्या का आरोप, फिर पलटे

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

उत्तर 24 परगना: जिले के हाड़वा थाना अंतर्गत उचिलदह गांव में शनिवार को एक 21 वर्षीय गृहिणी का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अदीप्ता दास उर्फ साथी (21) के रूप में हुई है। इस घटना ने तब राजनीतिक मोड़ ले लिया जब मृतका के पिता दीपक दास ने शनिवार शाम मीडिया के सामने अपनी बेटी की मौत को राजनीतिक रंजिश का नतीजा बताया हालांकि बाद में बयानों में विरोधाभास देखा गया। दीपक दास, जो इलाके में भाजपा कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं, ने शुरुआत में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की ससुराल के लोग तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हैं। उन्होंने कहा था, "मैं भाजपा करता हूँ, इसी अपराध में मेरे दामाद और ससुराल वालों ने मेरी बेटी को पीट-पीटकर मार डाला।" हालांकि सोमवार को उनके सुर बदल गए। थाने में दर्ज लिखित शिकायत में उन्होंने राजनीति का कोई जिक्र नहीं किया। पिता ने स्पष्ट किया कि, "बेटी की मौत की खबर से उस वक्त सिर गर्म था, इसलिए राजनीति की बात कही थी। अब मैं उस बयान से पीछे हटता हूँ।"

प्रेम विवाह और पारिवारिक कलह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अदीप्ता ने करीब दो साल पहले घर से भागकर आठपुकुर निवासी राहुल दास से शादी की थी। पिता दीपक दास इस शादी के खिलाफ थे और उन्होंने अपनी बेटी से संबंध तोड़ लिए थे। शनिवार दोपहर को बेटी की मौत की खबर मिलने पर उन्होंने हाड़वा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि दामाद राहुल और उसके ताऊ विश्वनाथ दास ने अदीप्ता को पीट-पीटकर मारने के बाद लटका दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से ही ससुराल के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT