सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, मंत्री दिलीप घोष के बाद अब शहरी विकास और नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने चेतावनी दी कि वसूली में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। मंत्री ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा नेतृत्व ने अपनी स्थिति बिल्कुल साफ कर दी है। न तो पार्टी और न ही राज्य सरकार वसूली के आरोपी किसी भी व्यक्ति को बचाएगी। उगाही का मुद्दा रातों-रात खत्म नहीं हो सकता। हमने पार्टी में लाने से पहले सभी को डिटर्जेंट या वॉशिंग मशीन में नहीं धोया। वे इंसान हैं। अब जब हम सरकार में हैं, तो कुछ लोग सोच सकते हैं कि वे इस तरह से पैसा कमा सकते हैं लेकिन हमारे प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री दोनों ने इसके खिलाफ बहुत कड़ा संदेश दिया है। भाजपा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी। हम पिछली सरकार जैसे नहीं हैं। हम जो कहते हैं, वही करते हैं। राज्य सरकार ने गैर-कानूनी गतिविधियों की जानकारी देने के लिए चार विशिष्ट हेल्पलाइन खोली हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने भी ऐसी ही चेतावनी जारी की थी। इससे यह संकेत मिलता है कि पार्टी अपने कुछ कार्यकर्ताओं पर पिछले तृणमूल कांग्रेस शासन से जुड़े तरीकों को अपनाने के आरोपों को लेकर ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति अपना रही है।
अभिषेक पर कसा तंज : तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी आंखों के इलाज के लिए अमेरिका जाना चाहते हैं। अनुमति के लिए वे कोर्ट भी गये। इसे लेकर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने तंज कसते हुए कहा, क्या उनके विदेश जाने की योजना के पीछे कोई और वजह है, क्या भागने का इरादा है। मंत्री ने कहा कि अगर उन्हें पैसे का अभाव है तो उनके इलाज के लिए हमलाेग आयुष्मान भारत योजना का इंतजाम करेंगे और उन्हें अस्पताल में बेड भी शेयर नहीं करना पड़ेगा।