प्रतीकात्मक तस्वीर 
टॉप न्यूज़

आत्मदाह कर रही पत्नी का वीडियो बनाने वाला पति ऐसा फंसा

सूरत में रंजीत साहा (33) ने पत्नी को बचाने के बजाय उसके आत्मदाह का वीडियो रिकॉर्ड किया, इसपर संज्ञान लेते हुए क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है।

Narendra Kumar Singh

सूरतः सूरत में पारिवारिक विवाद की वजह से 31 वर्षीय महिला ने घर में आत्मदाह कर लिया, लेकिन मौके पर मौजूद पति ने उसे बचाने के बजाय घटना का वीडियो रिकॉर्ड करता रहा।

पुलिस ने बताया कि पति रंजीत साहा (33) ने पत्नी को बचाने के बजाय उसके आत्मदाह का वीडियो रिकॉर्ड किया, इसपर संज्ञान लेते हुए क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है। उसने बताया कि प्रतिमा देवी नामक महिला ने चार जनवरी को यह आत्मघाती कदम उठाया और 12 जनवरी को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस निरीक्षक एसी गोहिल ने बताया कि इच्छापुर पुलिस थाने में 14 जनवरी को साहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 (पति/रिश्तेदार द्वारा क्रूरता) और 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया। गोहिल ने बताया कि मौत से एक दिन पहले 11 जनवरी को पुलिस को दिये बयान में महिला ने कहा था कि उसने आत्मदाह की कोशिश की थी। हालांकि, महिला के भाई को उसके पति की संलिप्तता का संदेह था और उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।

जांच-पड़ताल में पुलिस को पति के फोन में मिला वीडियो

पुलिस निरीक्षक ने कहा, ‘मामले की जांच के दौरान हमें साहा के मोबाइल फोन में एक वीडियो क्लिप मिली जिससे जानकारी मिली कि वह अपनी पत्नी को बचाने के बजाय घटना रिकॉर्ड कर रहा था।’ पुलिस ने बताया कि दंपति मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पति-पत्नी के बीच बच्चों से जुड़े एक मामूली विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था जिसके बाद यह घटना घटी। उसने बताया कि झगड़े के दौरान साहा ने कथित तौर पर अपनी पत्नी से कहा कि वह तेल छिड़क कर खुद को आग लगा ले। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि पत्नी ने घर में रखा डीजल खुद पर डालकर आत्मदाह कर लिया। उसके मुताबिक साहा ने अपनी बेगुनाही साबित करने और पत्नी की मौत का दोष आने से बचने के लिए पूरी घटना को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया था।

साहा और प्रतिमादेवी ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था और 2013 में अदालत में अपनी शादी पंजीकृत कराई थी। वे तीन साल पहले अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ सूरत में बस गए थे।

SCROLL FOR NEXT