टॉप न्यूज़

'ममता को हाउस अरेस्ट क्यों नहीं किया जाएगा?' अग्निमित्रा पॉल का बड़ा सवाल

बारुईपुर मामले को लेकर बीजेपी ने TMC पर साधा निशाना, अग्निमित्रा पाल ने लगाया भड़काने की राजनीति का आरोप

Bishakhaa Tiwari

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नजरबंद किए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद बीजेपी ने पलटवार किया है।

बीजेपी नेता अग्निमित्रा पाल ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए सवाल किया कि उन्हें हाउस अरेस्ट क्यों नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी बारुईपुर जाकर राजनीतिक माहौल को भड़काने की कोशिश कर रही हैं।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की कई घटनाएं हुईं, लेकिन उन मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कई मामलों को दबाने की कोशिश की, जबकि दूसरे राज्यों की घटनाओं पर राजनीति की गई।

उन्होंने कहा कि बारुईपुर की घटना की आड़ में ममता बनर्जी राजनीति करना चाहती हैं और प्रशासन को ऐसी कोशिशों की अनुमति नहीं देनी चाहिए। अग्निमित्रा ने दावा किया कि बीजेपी पहले भी पीड़ितों के साथ खड़ी थी और आगे भी रहेगी।

बारुईपुर की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के साथ हुई बर्बरता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीड़ित नाबालिग के परिवार को शुभेंदु अधिकारी ने मिलने के लिए बुलाया है।

उधर, बारुईपुर में किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या से बचने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर थाना क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी है। इस आदेश के तहत इन इलाकों में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी।

SCROLL FOR NEXT