नई दिल्लीः लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 फरवरी को बांग्लादेश में प्रधानमंत्री पद के लिए तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। पता चला है कि बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ढाका में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया था, लेकिन वह नहीं जाएंगे।
विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भारत सरकार की ओर से तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। रहमान की अगुवाई में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में शानदार जीत मिली है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘इस महत्वपूर्ण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष का शामिल होना भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी मित्रता को दर्शाता है, और हमारे दोनों देशों के जुड़ाव वाले लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत के दृढ़ संकल्प की पुष्टि करता है।’’
पीएम मोदी के नहीं जाने की पहले से थी संभावना
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन 17 फरवरी को राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। इस समारोह का दिलचस्प पहलू यह है कि यह राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जा रहा है जबकि अभी तक शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित होते रहे हैं।
नये प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ समेत 13 देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया गया है। आमंत्रण मिलने की भारत सरकार की तरफ से इसकी पुष्टि की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीएनपी नेताओं के साथ सलाह-मशविरा के बाद अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस की तरफ से पीएम मोदी को आमंत्रण पत्र भेजा गया है।
पीएम मोदी के ढाका नहीं जाने का बड़ा कारण 17 फरवरी के शपथ समारोह के दिन ही फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के भारत में होने की बात समझी जा रही है। मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बैठक है। मैक्रों भारत में एआई इपैक्ट समिट में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं। केवल मैक्रों नही नहीं, बल्कि दुनिया भर कई राष्ट्राध्यक्ष और मंत्री भी इस समिट में हिस्सा लेंगे।