कंप्यूटर पर वॉट्सएप logout जरूर करें 
टॉप न्यूज़

‘सार्वजनिक कंप्यूटर पर वॉट्सऐप से लॉगआउट जरूर करें ’

गृह मंत्रालय ने चेताया : साइबर अपराधी कर सकते हैं अकाउंट पर कब्जा

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : केंद्र ने सोमवार को चेतावनी दी कि सार्वजनिक कंप्यूटर या किसी साझा उपकरण पर वॉट्सऐप वेब का इस्तेमाल करने के बाद लॉगआउट नहीं करने से साइबर अपराधी यूजर के अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं। वे निजी बातचीत पढ़ने, यूजर की पहचान का दुरुपयोग करने और धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं।

गृह मंत्रालय की चेतावनी

गृह मंत्रालय की साइबर अपराध निरोधक इकाई ‘भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र ’(I4C) ने अपने नवीनतम परामर्श में यह चेतावनी जारी की है। I4C की राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई (NCTAU) ने आगाह किया कि पहले से लॉगइन किये गये वॉट्सऐप वेब सत्र का इस्तेमाल कर साइबर अपराधी किसी अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर सकते हैं। इसके जरिये वे यूजर के संदेश पढ़ सकते हैं, उसकी पहचान का इस्तेमाल कर दूसरों को संदेश भेज सकते हैं तथा संपर्क सूची और समूहों में होने वाली बातचीत तक पहुंच बना सकते हैं।

साइबर हमलों का खतरा

परामर्श में कहा गया है कि साइबर अपराधी यूजर की विश्वसनीय पहचान का दुरुपयोग कर वित्तीय धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर हमलों को भी अंजाम दे सकते हैं। सरकार ने स्पष्ट किया कि केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देने से वॉट्सऐप वेब का लॉगइन सत्र समाप्त नहीं होता। इसलिए यूजर्स को हर बार इस्तेमाल के बाद स्वयं लॉगआउट करना चाहिए। परामर्श में कहा गया है कि यदि वॉट्सऐप वेब का इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो ‘इनकॉग्निटो’ या ‘प्राइवेट ब्राउजिंग’ मोड का उपयोग किया जा सकता है। साइबर कैफे, सार्वजनिक इंटरनेट केंद्रों, होटलों के बिजनेस सेंटर, उधार लिये गये कंप्यूटर या अन्य अविश्वसनीय उपकरणों पर वॉट्सऐप वेब में लॉगइन न करें।

SCROLL FOR NEXT