कोलकाताः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को मतुआ समुदाय को उनके आध्यात्मिक नेता हरिचंद ठाकुर की 215वीं जयंती पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उत्तर 24 परगना में मतुआ धर्म मेला आयोजित किया जा रहा है।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री श्री ठाकुर एक महान और दिव्य आत्मा थे। उन्होंने हमारे शाश्वत ज्ञान और आध्यात्मिकता में गहराई से उतरकर भक्ति, समानता और नैतिक जीवन से जुड़ी अमूल्य शिक्षाएं दीं, जो आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक हैं।’’ उन्होंने मतुआ धर्म मेला द्वारा इन सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत किए जाने की उम्मीद जताई।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में हरिचंद ठाकुर को ‘जय हरिबोल’ कहकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया जिलों समेत पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में मतुआ समदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं तथा इसलिए चुनावी राज्य में इसे निर्णायक वर्ग माना जाता है।
पूर्ववर्ती पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से पलायन कर चुके हिंदू शरणार्थी और उनके वंशजों वाला यह समुदाय पश्चिम बंगाल में एक प्रमुख वोट बैंक है और विधानसभा चुनावों में कई सीट पर निर्णायक भूमिका निभा सकता है। भाजपा और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस दोनों ही मतुआ समुदाय तक पहुंच बनाने का प्रयास कर रहे हैं।