टॉप न्यूज़

ईरान संकट में पाकिस्तान की भूमिका पर क्या बोला अमेरिका? भारत को लेकर रुबियो का बड़ा बयान

भारत-पाक संबंध अलग मुद्दा, रणनीतिक साझेदारी पर नहीं पड़ेगा असर—अमेरिकी विदेश मंत्री

पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थ भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों पर अमेरिका ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने साफ कहा है कि पाकिस्तान की इस भूमिका को लेकर भारत ने कोई विशेष चिंता नहीं जताई है और दोनों देशों के संबंधों को अलग-अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए।

दिल्ली पहुंचने से पहले पत्रकारों से बातचीत में रुबियो ने माना कि भारत को पाकिस्तान को लेकर अपनी अलग चिंताएं जरूर हैं, खासकर सीमा पार से सक्रिय आतंकी संगठनों को लेकर। उन्होंने कहा कि भारत लगातार यह मुद्दा उठाता रहा है कि पाकिस्तान की जमीन से आतंकवादी गतिविधियां संचालित होती हैं, जो चिंता का विषय है।

हालांकि, ईरान से जुड़े मौजूदा संकट में पाकिस्तान की मध्यस्थता को लेकर भारत की ओर से किसी तरह की आपत्ति सामने नहीं आई है। रुबियो ने स्पष्ट किया कि यह एक अलग कूटनीतिक परिस्थिति है और इसे भारत-पाक संबंधों के साथ जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत को अमेरिका का एक अहम रणनीतिक साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और आने वाले समय में और गहरे होंगे।

पाकिस्तान के साथ अमेरिका की बढ़ती बातचीत पर सवाल उठने पर रुबियो ने सीधे तौर पर टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि अमेरिका हर देश के साथ अपने रणनीतिक हितों के आधार पर संबंध रखता है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे भारत के साथ अमेरिका की साझेदारी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

चार दिन के भारत दौरे पर आए रुबियो कोलकाता और दिल्ली के कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की है। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फोन पर प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत की है। रुबियो मंगलवार को होने वाली क्वाड बैठक में शामिल होंगे, जहां क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अहम चर्चा होने की संभावना है।

SCROLL FOR NEXT