टॉप न्यूज़

हामिद अंसारी ने ऐसा क्या कहा कि भाजपा नेता उन पर टूट पड़े

भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को महमूद गजनी को ‘भारतीय लुटेरा’ कहने के लिए पूर्व उपराष्ट्रपति एम. हामिद अंसारी की कड़ी आलोचना की।

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को महमूद गजनी को ‘भारतीय लुटेरा’ कहने के लिए पूर्व उपराष्ट्रपति एम. हामिद अंसारी की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके समर्थक विदेशी आक्रमणकारियों का महिमामंडन करते हैं और हिंदू विरोधी अत्याचारियों का गुणगान करते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि विदेशी आक्रमणकारियों और लुटेरों के प्रति अंसारी का स्नेह उनकी ‘बीमार मानसिकता’ को दर्शाता है। भाजपा की यह प्रतिक्रिया अंसारी के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने एक साक्षात्कार के दौरान कहा था कि महमूद गजनी समेत इतिहास की किताबों में जिन्हें विदेशी आक्रमणकारी और लुटेरा बताया गया है, वे वास्तव में ‘भारतीय लुटेरे’ थे। अंसारी ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा कहा है कि इतिहास की किताबों में जिन्हें हम विदेशी आक्रमणकारी बताते हैं, उनमें एक लोदी है, कोई एक गजनी है और कुछ अन्य। वे सभी भारतीय लुटेरे थे।’’

सोमनाथ मंदिर को अपवित्र करने वाले गजनी की प्रशंसा

पूर्व उपराष्ट्रपति को एक पत्रकार को दिए साक्षात्कार में यह कहते हुए सुना गया कि, ‘‘वे बाहर से नहीं आए थे। राजनीतिक रूप से यह कहना सुविधाजनक है कि उन्होंने इसे और उसे नष्ट कर दिया। लेकिन वे सभी भारतीय थे।’’ अंसारी की कथित टिप्पणियों का वीडियो फुटेज साझा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोमनाथ मंदिर को नष्ट और अपवित्र करने वाले गजनी की ‘प्रशंसा’ करने के लिए पूर्व उपराष्ट्रपति की कड़ी आलोचना की।

पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शरजील इमाम और उमर खालिद को ‘युवा’ कहने के बाद अब कांग्रेस के समर्थक और हामिद अंसारी सोमनाथ मंदिर को अपवित्र और नष्ट करने वाले गजनी की प्रशंसा कर रहे हैं। कांग्रेस के समर्थक महमूद गजनी की प्रशंसा करते हैं - वे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का विरोध करते हैं... वे औरंगजेब और हिंदुओं पर अत्याचार करने वालों के अपराधों को छिपाते हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वे भारत और हिंदुओं से नफरत करते हैं।’’

आक्रामकारियों का महिमामंडन

अंसारी की टिप्पणियों को लेकर भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए पार्टी को ‘आधुनिक भारत की मुस्लिम लीग’ करार दिया। भंडारी ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस और उसके समर्थक आक्रमणकारियों का महिमामंडन करते हैं, औरंगजेब और बाबर जैसे हिंदू विरोधी अत्याचारियों का गुणगान करते हैं और भारत को लूटने और मंदिरों को नष्ट करने वालों के कृत्यों को सही ठहराते हैं।’’ अंसारी की टिप्पणियों पर प्रहार करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि यह दुखद है कि भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में सेवा कर चुका व्यक्ति इस तरह के बयान देता है, जबकि सच्चाई यह है कि सभी मुगल सम्राटों ने ‘बगदाद के उपदेश’ को पढ़कर देश पर शासन किया था।

बगदाद के खलीफा का जिक्र

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जिस प्रकार सभी (ब्रिटिश) वायसराय राजा या रानी की ओर से शासन करते थे, उसी प्रकार सभी मुगल सम्राट बगदाद के खलीफा के प्रतिनिधि के रूप में शासन करते थे।’’ त्रिवेदी ने आरोप लगाया, ‘‘मुझे लगता है कि खुद को लुटेरों से जोड़कर समाज का एक वर्ग अब पूरे भारत को लुटेरों से जोड़ने लगा है। इस तरह की पराजित और हतोत्साहित मानसिकता से छुटकारा पाना आवश्यक है।’’ भाजपा राज्यसभा सदस्य ने आगे कहा, ‘‘लुटेरों के प्रति इस तरह के लगाव का कारण चाहे जो भी हो, यह दर्शाता है कि यह एक बीमार मानसिकता है। यह पूरी समस्या तीन ‘एम’ (मुगल, मैकाले और मार्क्स) का परिणाम है।’’

SCROLL FOR NEXT