टॉप न्यूज़

बंगाल में जल्द लागू होगी युवा शक्ति योजना

बेरोजगार युवाओं को हर माह 3,000 रुपये देगी सरकार

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए ‘युवा शक्ति’ योजना शुरू करने की तैयारी में है। भाजपा सरकार के 2026 चुनावी वादों में शामिल इस योजना के तहत पात्र युवाओं को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। सरकार ने इसके लिए ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ का ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार कर लिया है, हालांकि आवेदन प्रक्रिया और विस्तृत दिशा-निर्देश अभी जारी नहीं किए गए हैं।

युवासाथी योजना से दोगुनी सहायता

प्रस्तावित योजना के तहत मिलने वाली 3,000 रुपये मासिक सहायता पूर्व की युवासाथी योजना के 1,500 रुपये मासिक भत्ते से दोगुनी होगी। भाजपा ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की एकमुश्त सहायता का भी वादा किया था, लेकिन इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

कौन कर सकेगा आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का माध्यमिक (10वीं) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदक पश्चिम बंगाल का स्थायी निवासी, 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग का और आवेदन के समय बेरोजगार होना चाहिए।

सीधे बैंक खाते में आएगी राशि

ऑनलाइन आवेदन के बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह 3,000 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

ये दस्तावेज होंगे जरूरी

आवेदन के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, जन्म प्रमाणपत्र, माध्यमिक एडमिट कार्ड या आयु प्रमाण, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, बैंक खाते का विवरण तथा सरकार द्वारा निर्धारित अन्य दस्तावेज जमा करने होंगे।

SCROLL FOR NEXT