टॉप न्यूज़

पश्चिम बंगाल विधानसभा का सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह से

इस बार का सत्र कई मायनों में महत्वपूर्ण !

sabita

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा का आगामी सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। विधानसभा सूत्रों के मुताबिक, सब कुछ ठीक रहा तो 4 दिसंबर से सत्र की शुरुआत होने की संभावना है, हालांकि आधिकारिक रूप से अभी तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। विधानसभा सूत्रों के अनुसार, इस बार का सत्र कई मायनों में महत्वपूर्ण रहने वाला है। सत्र के दौरान राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा सरकार की ओर से कई संशोधन विधेयक भी सदन में पेश किए जाने की संभावना है। सूत्रों की मानें तो यह सत्र लगभग दस दिनों से लेकर दो सप्ताह तक चल सकता है।

इसी साल मई में पश्चिम बंगाल की सत्ता में बदलाव हुआ और 15 सालों तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को हराकर बीजेपी राज्य की सत्ता पर काबिज हुई और सरकार बनाई है। ऐसे में नई सरकार के लगभग सात महीने के कार्यकाल का लेखा-जोखा भी इस सत्र के दौरान सामने आ सकता है। सरकार की ओर से इन महीनों में किए गए प्रमुख कार्यों, नीतिगत फैसलों और विकास योजनाओं की जानकारी सदन में रखी जाने की संभावना है। वहीं, इस सत्र में विपक्ष की भूमिका पर भी नजर रहेगी। कुल मिलाकर दिसंबर का यह विधानसभा सत्र राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष सदन में किन मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं और सरकार अपने सात महीने के कार्यकाल का किस तरह हिसाब पेश करती है।

SCROLL FOR NEXT