नयी दिल्ली : छठ पूजा के साथ त्योहारी मौसम संपन्न होने के साथ ही शुक्रवार से शादियों का ‘सीजन’ शुरू हो जायेगा। कारोबारियों का अनुमान है कि करीब 25 दिन के इस सीजन के दौरान 52 लाख से ज्यादा शादियां होंगी। इससे देश की अर्थव्यवस्था और बाजार को साढ़े सात लाख करोड़ रुपये का बूस्ट मिलने जा रहा है।
अकेले दिल्ली-NCR में होंगी 5 लाख शादियां
छोटे कारोबारियों के संगठन कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने गुरुवार को यहां इस बारे में अपनी विस्तृत रिपोर्ट जारी की। इसमें अनुमान लगाया गया है कि इस सीजन देश के अकेले दौरान दिल्ली-NCR में ही लगभग 5 लाख शादियां होंगी। दिल्ली-NCR में जितनी शादियां होंगी, उनसे करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। इस रिपोर्ट को CAIT की अनुसंधान इकाई CAIT रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी (CRTDS) ने तैयार किया है। CAIT का दावा है कि इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए देश के 25 राज्यों के प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों को शामिल करते हुए 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं तथा 550 प्रमुख व्यापारिक संगठनों के साथ व्यापक विचार-विमर्श एवं राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया गया।
शादी से जुड़ी हैं दर्जनों कारोबारियों की उम्मीदें
हर शादी दर्जनों क्षेत्रों में मांग पैदा करती है। इसका ज्यादा लाभ छोटे दुकानदारों, थोक व्यापारियों, स्थानीय निर्माताओं, MSME , कारीगरों, किसानों, ट्रेवल सर्विस उपलब्ध कराने वाले कारोबारियों, होटलों, कैटरर्स तथा हजारों पेशेवर सेवा प्रदाताओं को मिलता है। शादी-ब्याह में आभूषणों और डिजाइनर परिधानों से लेकर मिठाइयों, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, हॉस्पिटैलिटी, परिवहन, सजावट, फोटोग्राफी, उपहार, गिफ्ट पैकेजिंग और इवेंट मैनेजमेंट करने वालों को काम मिलता है।
एक विवाह पर औसत खर्च
CAIT के अनुसार सामान्य विवाहों में लगभग 4-5 लाख रुपये का खर्च होता है। यदि शादी प्रीमियम एवं भव्य हो तो यह खर्च 4-5 करोड़ रुपये या उससे भी अधिक हो सकता है। खर्च के इस व्यापक दायरे के कारण छोटे मोहल्ला दुकानदारों से लेकर बड़े हॉस्पिटैलिटी एवं लग्जरी कारोबार तक सभी को विवाह अर्थव्यवस्था से लाभ मिलता है।
लगातार बढ़ रहा अर्थव्यवस्था में शादियों का योगदान
भारत की विवाह अर्थव्यवस्था में पिछले पांच वर्षों के दौरान लगातार उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में 32 लाख शादियां हुईं। इस दौरान 3.75 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वर्ष 2023: 38 लाख शादियां हुई और 4.74 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वर्ष 2024: 48 लाख शादियां, वर्ष 2025: 46 लाख शादियां और वर्ष 2025: 46 लाख शादियां हुईं और इस दौरान क्रमश: 5.90 लाख करोड़ रुपये और 6.50 लाख करोड़ रुपय का कारोबार हुआ।