टॉप न्यूज़

कोलकाता में मौसम का बदला मिजाज,गंभीर आकाशिय बिजली व तेज बारिश जनजीवन प्रभावित

कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक प्रभावित; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Bishakhaa Tiwari

कोलकाता में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान घने बादलों से ढक गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा हुगली के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। कई जगहों पर अलर्ट भी जारी किया गया है।

बारिश से तारातला में राहत कार्य प्रभावित

कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम गिरने के बाद चल रहे राहत और बचाव अभियान पर भी बारिश का असर पड़ा है। लगातार बारिश के कारण मलबे में फंसे लोगों की तलाश में बचाव दलों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

सेना, NDRF, दमकल और पुलिस की टीमें पहले से ही मौके पर राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

शहर के कई हिस्सों में जलभराव

लगातार बारिश के कारण कोलकाता के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर पानी भरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।

ईएम बाईपास और मां फ्लाईओवर पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा सेंट्रल एवेन्यू, महात्मा गांधी रोड, अमहर्स्ट स्ट्रीट, दमदम, बागुईआटी और साल्टलेक के कई हिस्सों में जलभराव की खबर है।

अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार

मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले कुछ दिनों तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

वहीं, उत्तर बंगाल के पांच जिलों में भी तेज बारिश और आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को भी कोलकाता में दिखा था मौसम का कहर

इससे पहले मंगलवार को भी कोलकाता में अचानक मौसम खराब हुआ था। तेज गर्जना और भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया था। कई जगहों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ था।

राज्य में मंगलवार को बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हुई थी। इनमें कूचबिहार में 2, मुर्शिदाबाद के धुलियान में 4, मालदा में 2 और पुरुलिया में 2 लोगों की जान गई थी।

SCROLL FOR NEXT