पूरी रात हुई बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में शुक्रवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश और आंधी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। शनिवार सुबह तक आसमान घने बादलों से ढका रहा और रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रही। इस अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से गिरकर शनिवार को 19.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम है।
तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी
मौसम विभाग ने पहले ही गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया था। देर रात यह पूर्वानुमान सही साबित हुआ और कई इलाकों में मूसलधार बारिश के साथ तेज हवा चली। शनिवार को भी कोलकाता सहित हावड़ा, हुगली, बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, नदिया और पूर्व बर्दवान में तेज हवा (60–70 किमी/घंटा) चली और बारिश हुई।
रविवार से राहत के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि रविवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होगा। हालांकि दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में बारिश और तेज हवा का असर जारी रह सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा उससे जुड़े ट्रफ के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवा आ रही है, जिससे राज्यभर में बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
कहां कितनी हुई बारिश (मिलीमीटर में)
कोलकाता – 16.4 मिमी
बर्दवान – 87.8 मिमी
सागरद्वीप – 66.4 मिमी
कल्याणी – 40.6 मिमी
सिउड़ी – 38.8 मिमी
हल्दिया – 32.2 मिमी
श्रीनिकेतन – 28.4 मिमी
उलूबेड़िया – 32.4 मिमी
कलिम्पोंग – 93 मिमी
मालदा – 71.4 मिमी
दार्जिलिंग – 36 मिमी
जलपाईगुड़ी – 40 मिमी
अलीपुरदुआर – 54.6 मिमी
रायगंज – 42.1 मिमी
बागडोगरा – 32.8 मिमी
बालुरघाट – 44 मिमी