टॉप न्यूज़

काउंटिंग से पहले मौसम का कहर, 8 जिलों में अलर्ट

राज्य में आंधी-तूफान से बढ़ी चिंता

तेज हवाओं संग भारी बारिश की चेतावनी

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : वैशाख महीने में सामान्य गर्मी के बीच अब राज्य में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है, जहां आंधी-तूफान और बारिश का खतरा लगातार बना हुआ है। अलीपुर मौसम विभाग ने पूरे पश्चिम बंगाल में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। वोटों की गिनती के दिन को ध्यान में रखते हुए कोलकाता सहित 8 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

सोमवार को कालबैसाखी तूफान का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को ‘कालबैसाखी’ (नॉर-वेस्टर) तूफान आने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गुरुवार को उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा नदिया जिले में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर बंगाल में अगले 4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

तूफान से व्यापक नुकसान, बिजली-पानी का संकट गहराया

बुधवार की रात आये तेज तूफान और बारिश से नंदीग्राम और भगवानपुर क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। भगवानपुर के कई इलाकों में बिजली के खंभे गिर जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को पीने के पानी और मोबाइल चार्जिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में घरों और मवेशियों को नुकसान

नंदीग्राम ब्लॉक-II के केयाखाली गांव में कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही, कुछ मवेशियों की भी मौत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में वोटों की गिनती तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है।

SCROLL FOR NEXT