सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में सत्ता परिवर्तन के छह महीने के भीतर पांच एनकाउंटर होने की चर्चा है। विपक्ष जहां एनकाउंटर पर सवाल उठा रहा है वहीं सत्ता पक्ष का साफ कहना है कि अगर पुलिस पर हमला होता है तो पुलिस बचाव में फूल नहीं बरसायेगी। एनकाउंटर का विरोध करने वालों को राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, जिन्हें एनकाउंटर पसंद नहीं है, उन्हें मुफ्त वीजा दे रहा हूं। वे बांग्लादेश या किसी दूसरे देश चले जाएं। जिन्हें इस पर आपत्ति है, उनके लिए बांग्लादेश भेजने तक का इंतजाम कर दिया जाएगा। ऐसे लोगों को बिना वीजा के ही भेज दिया जाएगा और इसके लिए दरवाजे खोल दिए जाएंगे।
कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
दिलीप घोष ने आगे कहा, अब बंगाल में ऐसा ही होगा। बांग्लादेश में ऐसा हो तो कोई आपत्ति नहीं, लेकिन योगी राज जैसा होने पर परेशानी है? गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसा होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। पुलिस पर बंदूक तानने वालों को इसका परिणाम भुगतना होगा। कानून को चुनौती देने वालों के साथ पुलिस इसी तरह कार्रवाई करेगी। दिलीप घोष ने अपने बयान में आगे कहा, “बंगाल को यूपी बनाएंगे, गुजरात बनाएंगे। अगर किसी के बाप में हिम्मत है तो रोककर दिखाए।”