टॉप न्यूज़

नंदीग्राम की धरती को करेंगे पवित्र : अभिषेक

शुभेंदु के खिलाफ TMC का दांव, अभिषेक ने साधा निशाना

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नंदीग्राम को ‘अपवित्र’ से ‘पवित्र’ बनाने का आह्वान करते हुए तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनावी रण में आक्रामक तेवर दिखाए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “अगले 25 दिन आप नंदीग्राम की जिम्मेदारी लें, अगले 5 साल की जिम्मेदारी मैं लेता हूं।”

नंदीग्राम, जो 2021 विधानसभा से लेकर 2024 लोकसभा तक बंगाल की राजनीति का केंद्र रहा है, वहीं खड़े होकर अभिषेक ने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने इस बार “भूमिपुत्र” पवित्र कर को उम्मीदवार बनाया है, जो लोगों के बीच रहेंगे, जबकि मौजूदा विधायक क्षेत्र में सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने ‘भितरघात’ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा, “अगर आपके नाम के साथ गद्दार शब्द जुड़ जाए, तो कैसा लगेगा, जरा सोचिए।” साथ ही कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि व्यक्तिगत अहंकार से पार्टी को नुकसान हुआ तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभिषेक ने ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि विधायक, सांसद और केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार होने के बावजूद नंदीग्राम को कोई खास फायदा नहीं मिला। उन्होंने लोगों से “जोड़ाफूल” के सिंगल इंजन पर भरोसा जताने की अपील की। सांप्रदायिक राजनीति पर हमला बोलते हुए अभिषेक ने कहा कि धर्म के नाम पर विभाजन फैलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने नंदीग्राम के शहीद परिवारों को श्रद्धांजलि तक नहीं दी।

‘सेवाश्रय’ शिविर की सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने वादा किया कि पवित्र कर की जीत पर हर ग्राम पंचायत में मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। केंद्रीय एजेंसियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि डराने से टीएमसी नहीं रुकेगी और कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि पार्टी उनके साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि नंदीग्राम पर उनकी विशेष नजर रहेगी और किसी भी तरह की गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंत में उन्होंने संकेत दिया कि 4 तारीख के बाद नंदीग्राम में जीत का जश्न मनाया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT