सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भवानीपुर विधानसभा को लेकर रविवार को कर्मियों की बैठक में तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी कई अहम टार्गेट फिक्स किये। कार्यकर्ताओं को कई अहम संदेश और निर्देश दिए। अभिषेक बनर्जी ने कर्मियों का उत्साह बढ़ाया और साफ तौर पर यह भी कहा कि भवानीपुर में आत्मसंतोष की कोई जगह नहीं है। पिछले चुनाव में मिली जीत के अंतर को और बढ़ाना होगा। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में अभिषेक ने भाजपा नेता का नाम नहीं लिया और केवल भाजपा को हराने का लक्ष्य तय किया। अभिषेक बनर्जी ने कर्मियों को वोट का टार्गेट फिक्स कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक कर्मियों से उन्होंने कम से कम 5 अतिरिक्त वोट बढ़ाने का टार्गेट दिया है। केवल जीतने से नहीं होगा बल्कि 60 हजार से अधिक के अंतर से जीत हासिल करनी होगी। वहीं कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र द्वारा किए जा रहे वंचना के मुद्दे को लोगों को बार-बार याद दिलाना होगा, इसे भूलना नहीं है। पार्टी का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करना जरूरी है। दीदी की दस प्रतिज्ञा लोगों तक पहुंचानी होगी। राज्य सरकार की योजनाओं और केंद्र की नीतियों के बीच का अंतर साफ-साफ जनता के सामने रखना होगा। राज्य सरकार लोगों के साथ खड़ी रही है, जबकि केंद्र सरकार ने लोगों को लाइनों में खड़ा किया है।