कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शुक्रवार को नाश्ते पर बैठक में शामिल होने के बावजूद एनसीपीआई के तीन सांसदों के NDA में शामिल होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
एनसीपीआई सांसद अबू ताहेर खान ने साफ कहा कि उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा नहीं है। शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में अबू ताहेर ने कहा कि वे फिलहाल एनसीपीआई में हैं और अपने तीनों सांसदों की स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “हम NDA का हिस्सा नहीं हैं। आगे क्या होता है, देखते हैं।” उन्होंने कहा कि सांसदों के लिए पार्टी से ज्यादा महत्वपूर्ण अपने क्षेत्र के मतदाताओं और अल्पसंख्यक हितों के लिए काम करना है। अबू ताहेर ने कहा कि अगर एनडीए का मतलब भाजपा में विलय होता है, तो वे इसका हिस्सा नहीं बनेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे भाजपा के साथ नहीं जा सकते। यदि केंद्र सरकार इस्लाम धर्म के खिलाफ कोई फैसला लेती है या धार्मिक हितों को नुकसान पहुंचाने वाला कदम उठाती है, तो एनसीपीआई उसका विरोध करेगी और किसी भी स्थिति में उसका समर्थन नहीं करेगी।