मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : वेस्ट बंगाल जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन बोर्ड (WBJEEB) ने इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर और फार्मेसी कोर्स में प्रवेश के लिए डिसेंट्रलाइज्ड ई-काउंसलिंग का नया शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसे अब दो चरणों में पूरा किया जाएगा। छात्रों के विरोध और उच्च शिक्षा विभाग के हस्तक्षेप के बाद बोर्ड ने अपने पुराने फैसले को बदलते हुए यह अपडेटेड शेड्यूल गुरुवार को जारी किया है।
दो चरणों का पूरा होगा शेड्यूल
पहले चरण की प्रक्रिया 6 सितंबर यानी कल से खाली सीटों की सूची जारी होने के साथ शुरू होगी, जिसमें 7 से 8 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की जा सकेगी। पहले राउंड के तहत दस सितंबर को सीट अलॉटमेंट लिस्ट आएगी, जिसके बाद ग्यारह सितंबर तक प्रोविजनल एडमिशन और बारह सितंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा करना होगा। इसी चरण के दूसरे राउंड के लिए 14 सितंबर तक फीस भुगतान और पंद्रह सितंबर तक संस्थान में जाकर दस्तावेज सत्यापित कराने का समय तय किया गया है। दूसरा चरण 16 सितंबर को खाली सीटों के प्रकाशन और रजिस्ट्रेशन के साथ शुरू होगा, जो 18 सितंबर तक चलेगा। इसके पहले राउंड की सीट अलॉटमेंट सूची बीस सितंबर को जारी होगी और 22 सितंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा। दूसरे और अंतिम राउंड की अलॉटमेंट लिस्ट 23 सितंबर को आएगी, जिसके बाद 24 से 25 सितंबर के बीच फीस जमा करके संबंधित संस्थान में फाइनल एडमिशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।