टॉप न्यूज़

WBCHSE सेमेस्टर-III परीक्षा शुरू, 7.18 लाख छात्र शामिल

महानगर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पहली परीक्षा

Munmun Thakur

हायर सेकेंडरी परीक्षा में पहली बार हुआ ओएमआर शीट का उपयोग

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल उच्च शिक्षा संसद (WBCHSE) द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी सेमेस्टर-III की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। पहले दिन प्रथम भाषा के पेपर में कुल 7,18,620 परीक्षार्थी बैठे, जिनमें 3,15,731 छात्र और 4,02,889 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 12:30 बजे तक हुई। यह परीक्षा 21 सितंबर से 14 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें नंदीग्राम व रेजीनगर के उपचुनावों और छुट्टियों को ध्यान में रखकर शेड्यूल बदला गया है। राज्यभर में 825 परीक्षा केंद्रों के अंतर्गत 2,105 वेन्यू बनाए गए, जिनमें 99 संवेदनशील थे। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हुई परीक्षा

इस बार परीक्षा में मूल्यांकन के लिए पहली बार OMR शीट का उपयोग हो रहा है, जिन्हें सुरक्षित ट्रांसपोर्ट करने के लिए काउंसिल ने इंडिया पोस्ट से टाई-अप किया है। नकल व पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए प्रश्नपत्रों पर यूनिक सीरियल नंबर थे और इन्हें छात्रों के सामने सीलबंद पैकेट से खोला गया। कक्षों में हर 20 छात्रों पर एक यानी दो इनविजिलेटर तैनात थे। मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से जांच हुई और गेट व सुपरवाइजर कक्षों में सीसीटीवी से निगरानी रखी गई। केंद्रों के भीतर मोबाइल या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना सख्त वर्जित था और उल्लंघन करने पर परीक्षा व नामांकन रद्द करने का नियम है। काउंसिल अध्यक्ष मोसिउर रहमान सरदार ने छात्रों को अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है।

SCROLL FOR NEXT