टॉप न्यूज़

ECI ने पुलिस अधिकारियों को दी ट्रेनिंग, केंद्रीय बलों ने किया रूट मार्च

किया गया कॉम्बिंग एक्सरसाइज WBLA चुनाव 2026 : शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने को प्रशासनिक तैयारियां तेज

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) द्वारा रूट मार्च और कॉम्बिंग एक्सरसाइज चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चुनावी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहे।

संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों का रूट मार्च

राज्य के कई जिलों में केंद्रीय बलों ने बुधवार को व्यापक स्तर पर रूट मार्च किया। जवानों ने गांवों और संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाने की कोशिश की। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की गतिविधियों से मतदाताओं के बीच विश्वास बढ़ता है और वे बिना किसी डर के मतदान कर सकते हैं।

परबतिपुर समेत साउथ 24 परगना में गश्त

साउथ 24 परगना जिले के परबतिपुर सहित कई क्षेत्रों में केंद्रीय बलों के जवान स्थानीय पुलिस के साथ गश्त करते दिखाई दिए। रूट मार्च के दौरान बल के अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत भी कर रहे थे और उन्हें आश्वस्त कर रहे थे कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

ग्रामीणों से संवाद कर दिलाया भरोसा

गश्त के दौरान केंद्रीय बलों के अधिकारी ग्रामीणों से पूछ रहे थे कि क्या उन्हें पता है कि चुनाव के लिए केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि लोगों को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी ग्रामीणों से इलाके की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं है, जिसके बाद कमांडिंग अधिकारी ने जवानों को गश्त जारी रखने का निर्देश दिया।

चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण

इधर चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी गतिविधियां तेज हैं। मंगलवार को कोलकाता स्थित शिपिंग कॉर्पोरेशन के सभागार में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ASP, DCP और DSP स्तर के अधिकारी शामिल

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ASP, DCP, संयुक्त पुलिस आयुक्त (Jt. CP) और DSP स्तर के अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय की ओर से किया गया, जिसमें एडिशनल CEO, जॉइंट CEO, डिप्टी CEO और SPNO भी मौजूद रहे।

चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों पर दिया गया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील बूथों की निगरानी, केंद्रीय बलों के साथ समन्वय और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। चुनाव आयोग का लक्ष्य है कि आगामी विधानसभा चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हों। इसी उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों को भी लगातार प्रशिक्षित किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT