टॉप न्यूज़

ईरान संग युद्ध खत्म : ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- ईरान ने परमाणु हथियार नहीं बनाने की शर्त मानी, होर्मुज जलडमरूमध्य फिर खोलने की उम्मीद

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जारी तनाव और युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौता लगभग तैयार हो चुका है और इस पर सप्ताहांत तक यूरोप में हस्ताक्षर हो सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने परमाणु हथियार विकसित नहीं करने की अमेरिका की प्रमुख शर्त स्वीकार कर ली है।

व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस संभावित समझौते पर हस्ताक्षर समारोह में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत और पाकिस्तान समेत कई देशों के नेताओं से बातचीत हुई है।

'युद्ध खत्म हो चुका है'

बाद में एक डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध समाप्त कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने भविष्य में कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने का वादा किया है।

ट्रंप ने कहा, "हमारी सबसे बड़ी शर्त यही थी कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है और इसी उद्देश्य के लिए यह पूरी प्रक्रिया शुरू हुई थी।"

पहले दी धमकी, फिर शांति की बात

गौरतलब है कि ट्रंप ने कुछ घंटे पहले ही ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए उसके प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप पर नियंत्रण करने की धमकी दी थी। हालांकि बाद में उन्होंने सैन्य कार्रवाई रोकने और शांति वार्ता में प्रगति होने का दावा किया।

होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने की उम्मीद

ट्रंप ने कहा कि समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य दोबारा खोला जा सकता है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा व्यापार मार्गों में से एक है। इसके खुलने से वैश्विक तेल बाजार को राहत मिल सकती है।

हालांकि, अब तक अमेरिका और ईरान की ओर से किसी औपचारिक शांति समझौते की पुष्टि नहीं की गई है। पिछले कई हफ्तों से ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि दोनों देशों के बीच समझौता करीब है, लेकिन अभी तक कोई अंतिम दस्तावेज सामने नहीं आया है।

SCROLL FOR NEXT