टॉप न्यूज़

नंदीग्राम और रेजीनगर में 80 % से अधिक मतदान दर्ज

मतगणना 9 अक्टूबर को होगी

sabita

कोलकाता : बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 80.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदान “कमोबेश शांतिपूर्ण” रहा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 80.89 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट पर 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को मतदान हुआ, जिसमें करीब 5.24 लाख मतदाता वोट डालने के पात्र थे। रेजीनगर में मतदान के दौरान बूथ से जुड़ी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए। विपक्षी कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) तथा ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि उनके मतदान एजेंटों को कई बूथों में प्रवेश करने से रोका गया या उन्हें वहां से जबरन बाहर निकाल दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने आरोप लगाया कि पार्टी के मतदान एजेंटों को 100 से अधिक बूथों से जबरन बाहर निकाल दिया गया। पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी ने मतदान रद्द करने की मांग को लेकर रेजीनगर पुलिस थाने के बाहर धरना दिया। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने भी दोबारा मतदान कराने की मांग की। उनका दावा था कि उनकी पार्टी के 315 मतदान एजेंटों में से केवल 25 से 30 एजेंट ही अपने-अपने बूथों पर मौजूद रह सके। भाजपा ने बूथ कब्जाने और चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज कर दिया। पार्टी ने विपक्ष पर चुनावी प्रक्रिया को बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी का असर भी रेजीनगर में मतदान पर पड़ा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी से जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में निर्वाचन आयोग को एक रिपोर्ट भेजी गई है। नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने “वोट चोरी, मतदाताओं को डराने-धमकाने और पुलिस तथा सुरक्षा बलों की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई” का आरोप लगाया।

SCROLL FOR NEXT