वंदे भारत ट्रेन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। शख्स ट्रेन में सफर के दौरान सिगरेट जलाता है तभी ट्रेन में घटना घट गई। जिसके बाद पूरे ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
Andhra Pradesh: भारत में वंदे भारत ट्रेन को प्रीमियम और शानदार ट्रेनों की गिनती में काउंट किया जाता है। इस ट्रेन में यात्रियों को कई आरामदायक सुविधाएं मिलती है। यह ट्रेन आम ट्रेन की तरह नहीं है। इस ट्रेन में अगर आप पहली बार यात्रा कर रहे हैं तो यात्रियों से जुड़ी सूचनाओं के बारे में जरूर जान लें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो थोड़ी सी लापरवाही न सिर्फ आपकी यात्रा में खलल डालेगी बल्कि आपके साथ-साथ कई लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है।
दरअसल, वायरल वीडियो आंध्र प्रदेश का बताया जा रहा है। ट्रेन में सिगरेट पीने की तलब वाले लोगों को लिए यह वीडियो खास है। तिरूपति से सिकंदराबाद जा रही ट्रेन में एक व्यक्ति को सिगरेट पीने की इच्छा हुई। कांच से बंद कोच होने के कारण व्यक्ति टॉयलेट में जाकर सिगरेट पीने लगा। इसी दौरान सिगरेट का धुंआ फैलने लगा तभी पूरे कोच में फायर अलार्म काम करना शुरू कर दिया। फायर अलार्म बजने के बाद ऑटोमैटिक फायर एक्सटिंग्विशर ने काम करना शुरू कर दिया। इसके बाद पूरे कोच में एयरोसोल का छिड़काव होने लगा। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
कोच में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। सिगरेट पीने वाले व्यक्ति को पता ही नहीं था कि ट्रेन में सिगरेट पीना सख्त मना है और फिर फायर अलार्म बजता है। जानकारी के अनुसार बिना टिकट के आरोपी ट्रेन में सफर कर रहा था।
मामले को रेल पुलिस ने संभाला
घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस ने आरोपी को नेल्लोर में हिरासत में ले लिया। हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। वायरल वीडियो में ट्रेन में मची अफरा-तफरी देखा जा सकता है।