टॉप न्यूज़

PoK चुनाव बहिष्कार पर खूनी बवाल, पाकिस्तान की कार्रवाई में 20 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

चुनाव का बहिष्कार कर रहे प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग का आरोप, कई इलाकों में इंटरनेट बंद। Rawalakot से सामने आए वीडियो में सड़कों पर पड़े दिखे शव, पाकिस्तान पर दमन के गंभीर आरोप।

नई दिल्ली/रावलाकोट: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के बहिष्कार को लेकर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। चुनावों का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों पर पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई में पिछले 24 घंटों के दौरान कम से कम 20 लोगों की मौत और 50 से अधिक लोगों के घायल होने का दावा किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, रावलाकोट के ड्रेइक एठवां (Dreik Eighth) इलाके में सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की। मृतकों में संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के कोर कमेटी सदस्य और प्रवक्ता उमर नजीर कश्मीरी के भाई उस्मान नजीर भी शामिल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि 5 जून से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद से अब तक करीब 80 लोगों की मौत हो चुकी है। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में प्रदर्शनकारियों के शव सड़कों पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

PoK के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अकील भाई ने एक वीडियो संदेश में दावा किया कि रावलाकोट में हालात बेहद गंभीर हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं और घायल हुए हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्य रूप से अवामी एक्शन कमेटी (AAC) के सदस्यों को निशाना बनाया है, जो PoK में जारी चुनावों के बहिष्कार का अभियान चला रही है। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इस्लामाबाद ने पूरे क्षेत्र में 14,000 से अधिक सुरक्षा बलों की तैनाती की है। कई स्थानों पर स्नाइपर भी तैनात किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने जिंदा गोलियां और लॉन्ग-रेंज आंसू गैस के गोले इस्तेमाल किए।

रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि चुनाव बहिष्कार करने वालों पर गोली चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के कई हिस्सों में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बंद कर दी गई हैं, जबकि कुछ इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी बाधित होने की खबर है।

तीन चरणों में हो रहे हैं PoK चुनाव

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तथाकथित विधानसभा की 53 सीटों में से 45 सीटों पर सीधे चुनाव हो रहे हैं, जबकि 8 सीटें महिलाओं, तकनीकी विशेषज्ञों और धर्मगुरुओं के लिए आरक्षित हैं।

13 सीटों पर 27 जुलाई को मतदान हो चुका है। 2 अगस्त को मुजफ्फराबाद डिवीजन और सभी शरणार्थी सीटों पर मतदान होगा, जबकि 10 अगस्त को पूंछ डिवीजन की 11 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT