टॉप न्यूज़

मुर्शिदाबाद के सुती और शमशेरगंज में फिर भड़की हिंसा, पुलिस ने की फायरिंग, दो घायल, 118 गिरफ्तार

डीजीपी ने दी चेतावनी, 'किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी'

कोलकाता .

मुर्शिदाबाद के सुती और शमशेरगंज में शुक्रवार के बाद शनिवार को फिर हिंसा भड़क गई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। एक किशोर समेत दो के घायल होने की सूचना है। राज्य पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने मुर्शिदाबाद की घटना को लेकर शनिवार को कड़ा संदेश दिया। डीजी ने भवानी भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैं जनता से कहूंगा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस स्थिति को सामान्य बनाने के लिए सख्त कदम उठा रही है।

डीजीपी ने कहा, स्थिति को संभालने के लिए वहां पर्याप्त पुलिस बल मौजूद था। दो लोग घायल हो गये हैं। कोई मृत्यु नहीं हुई है। कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जो भी करना होगा, किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अशांति या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लेकिन हमें याद रखना होगा कि हम ट्रिगर से खुश नहीं हैं। लेकिन हमें स्थिति को संभालने के लिए सख्त कदम उठाने होंगे।

कानून को अपने हाथ में नहीं लें। पिछले दो दिनों में हुए उपद्रव के सिलसिले में अब तक 118 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शुक्रवार के बाद शनिवार की सुबह भी मुर्शिदाबाद के सुती और शमशेरगंज इलाकों में तनाव व हिंसा का असर देखने को मिला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। इस झड़प में अब तक दो लोगों के घायल होने की खबर है।

राजीव कुमार ने कहा कि पुलिस जनता से सहयोग की अपेक्षा कर रही है। ज्यादातर मामलों में अशांति की घटनाओं के बारे में अफवाहें या झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि इसी कारण हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं।

राज्य पुलिस के एडीजी (कानून व्यवस्था) जावेद शमीम ने बताया, जब तमाम कोशिशों के बावजूद उन्मादी भीड़ पर काबू नहीं पाया जा सका तो चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी। हमें पता चला कि दो लोग घायल हो गये हैं। फिलहाल कि वे खतरे से बाहर हैं।

SCROLL FOR NEXT