नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को शुक्रवार को पद की शपथ दिलाएंगी। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल राधाकृष्णन सुबह 10 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। राधाकृष्णन (67) ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों से हराया।
तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा 21 जुलाई को अचानक इस्तीफा दिए जाने के कारण यह चुनाव कराया गया। उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद, राधाकृष्णन ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल का पद छोड़ दिया। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति मुर्मू ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
इधर, खबर है कि सीपी राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल हो सकते हैं। धनखड़ ने भी अपने कार्यकाल से हटने के बाद पहली बार सार्वजनिक बयान में राधाकृष्णन को बधाई दी है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि नए उपराष्ट्रपति की यह उपलब्धि देश के प्रतिनिधियों का विश्वास दर्शाती है। धनखड़ ने यह भी कहा कि राधाकृष्णन के सार्वजनिक जीवन का अनुभव उपराष्ट्रपति पद को और गरिमा प्रदान करेगा।