नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम : कांग्रेस ने आखिरकार केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने वीडी सतीशन को राज्य का अगला मुख्यमंत्री चुना है। यह घोषणा कांग्रेस महासचिव दीपा दाशमुनशी ने गुरुवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। इस मौके पर अजय माकन, मुकुल वासनिक और जयराम रमेश भी मौजूद रहे।
केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन UDF ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनने में करीब 10 दिन का समय लग गया। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सतीशन के अलावा केसी वेणुगोपाल व रमेश चेन्नितला भी प्रमुख दावेदार थे।
पार्टी के भीतर एक बड़े वर्ग का मानना था कि:
2021 की हार के बाद सतीशन ने संगठन को मजबूत किया
उन्होंने कांग्रेस को फिर से जीत की राह पर लाया
जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ है
इन्हीं कारणों से अंततः पार्टी नेतृत्व ने उनके नाम पर मुहर लगाई।
कई बार के विधायक
एर्नाकुलम जिले के पारावुर सीट से विधायक
पहले विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे
जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ वाले नेता
बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर राहुल गांधी समेत शीर्ष नेताओं की बैठक हुई थी। करीब 40 मिनट चली इस बैठक के बाद फैसला लिया गया, जिसे गुरुवार को आधिकारिक रूप से घोषित किया गया। हालांकि सतीशन के शपथ ग्रहण की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।