कोलकाता: पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान भवानीपुर में उस समय माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब विपक्ष के नेता Suvendu Adhikari मतदान का जायजा लेने पहुंचे। कालीघाट और आसपास के इलाकों में उनके पहुंचते ही तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों, खासकर महिला कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान ‘जय बांग्ला’ और ‘चोर-चोर’ जैसे नारे लगाए गए। इसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘पीसी चोर-भाइपो चोर’ के नारे लगाए, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई और हालात तनावपूर्ण हो गए।
शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि इलाके में “बाहरी लोगों” को लाया गया है और उन्हें पकड़ने के लिए वे खुद केंद्रीय बलों के साथ दौड़ते नजर आए। उन्होंने मौके से ही Election Commission of India को फोन कर केंद्रीय बल भेजने की मांग की।
कुछ ही देर में केंद्रीय बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिससे प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए। इसके बाद इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी खुद वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं और माहौल बिगाड़ रहे हैं। TMC नेताओं का कहना है कि इलाके में पहले शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था, लेकिन उनके आने के बाद स्थिति बिगड़ी।
इस पूरे घटनाक्रम ने भवानीपुर में चुनावी माहौल को और गरमा दिया है, जहां दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।