सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सॉल्ट लेक के सामुदायिक ब्लॉक बाजारों के मरम्मत और रखरखाव के लिए बिधाननगर नगर निगम (बीएमसी) ने अपने बजट प्रस्ताव में आवंटन दोगुना कर दिया है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निगम ने 2 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं, जबकि पिछले वर्ष यह राशि 1 करोड़ रुपये थी।
मेयर कृष्णा चक्रवर्ती ने बजट भाषण में बताया कि जीडी, ईडी, बीडी, ईसी, सीए और एबी-एसी बाजारों में आंशिक मरम्मत कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब एजी, एए और एई बाजारों के नवीनीकरण की पहल की गई है। सॉल्ट लेक में कुल 16 सामुदायिक बाजार हैं, जिनका रखरखाव निगम करता है।
मरम्मत कार्यों में छत और बाहरी दीवारों की प्लास्टरिंग, पावर टाइल्स बिछाना, विद्युत लाइनों का उन्नयन, शौचालयों का नवीनीकरण और अन्य संरचनात्मक सुधार शामिल हैं।
एमएमआईसी (मार्केट्स) राजेश चिरिमार ने बताया कि जीडी ब्लॉक बाजार में पहले चरण का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिस पर लगभग 1.3 करोड़ रुपये खर्च किए गए। अब दूसरे चरण का कार्य विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, बैसाखी बाजार के पुनरुद्धार के लिए 70 लाख रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट राज्य शहरी विकास विभाग को मंजूरी हेतु भेजी गई है। तीन वर्ष पहले यहां सब्जी और मछली बाजार की टिन की छत का एक हिस्सा गिर गया था, जिसमें पांच मछली विक्रेता घायल हो गए थे।
निगम अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टलों से प्रतिस्पर्धा के कारण बाजारों को आकर्षक और आधुनिक बनाना जरूरी हो गया है, ताकि खरीदारों की संख्या बढ़े और स्थानीय बाजारों की रौनक बनी रहे।