नयी दिल्ली : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में भारतीय राजनीति के पिछले पांच दशकों के कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, सत्ता के गलियारों के अंदरूनी समीकरणों और गांधी परिवार के निजी जीवन से जुड़े अनकहे प्रसंगों का खुलासा किया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, मीडिया की स्वतंत्रता सीमित करने और असहमति की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। वहीं, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले, राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर राहुल की चिंता, इंदिरा गांधी के गुस्से और मेनका गांधी के साथ पारिवारिक टकराव का भी विस्तार से जिक्र किया है।
हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस संस्मरण में सोनिया गांधी ने अपनी राजनीतिक यात्रा के साथ व्यक्तिगत जीवन के उतार-चढ़ाव को भी बेबाकी से सामने रखा है।
मोदी सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर करने का आरोप
सोनिया गांधी ने कहा है कि पिछले एक दशक में उदार लोकतंत्र वाले देशों की सूची में भारत का स्थान काफी नीचे खिसका है। उनके अनुसार, भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से कमजोर किया है और मीडिया का बड़ा हिस्सा सरकार के प्रचार तंत्र में बदल गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि असहमति जताने वालों, छात्रों, किसानों और अल्पसंख्यकों के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को दबाया गया तथा जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए किया गया। उन्होंने नोटबंदी को भी गलत निर्णय बताते हुए कहा कि इससे कारोबार प्रभावित हुआ और लाखों लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने संबंधों का उल्लेख करते हुए सोनिया ने कहा कि दोनों के बीच कभी वास्तविक संवाद नहीं हुआ। उन्होंने दोनों की भारत संबंधी अवधारणाओं को अलग बताते हुए अपने दृष्टिकोण को समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित बताया।
PM पद पर ‘ठीक है’ कहकर पीछे हट गई थीं सोनिया
2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद को लेकर सोनिया गांधी ने अपने मन के द्वंद्व का खुलासा किया है। उन्होंने लिखा कि गठबंधन सहयोगियों के लगातार दबाव के बीच एक बैठक में उन्होंने धीमी आवाज में ‘ठीक है’ कह दिया था। लेकिन राहुल और प्रियंका इस फैसले से बेहद परेशान हो गए।
राहुल ने उनसे पूछा कि उन्होंने दबाव में ऐसा क्यों किया? प्रियंका ने भी उन्हें अपने पुराने फैसले पर कायम रहने की सलाह दी। अंततः सोनिया ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया और डॉ. मनमोहन सिंह को अपना उत्तराधिकारी चुना। उन्होंने लिखा कि मनमोहन सिंह की ईमानदारी, प्रशासनिक समझ और संवेदनशील स्वभाव पर उन्हें पूरा भरोसा था। उन्हें विश्वास था कि उनके हाथों में देश सुरक्षित रहेगा।
राहुल को पहले ही थी राजीव की सुरक्षा की चिंता
राजीव गांधी की 21 मई, 1991 को श्रीपेरंबदूर में हुई हत्या के प्रसंग को याद करते हुए सोनिया ने बताया कि राहुल ने करीब दो महीने पहले ही अपने पिता की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि यदि सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने लौटना पड़ सकता है।
सोनिया ने आरोप लगाया कि वीपी सिंह सरकार ने राजीव की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी, जबकि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की जरूरत थी। उन्होंने हत्या की खबर मिलने के बाद प्रियंका की मनोदशा और परिवार पर टूटे दुख के पहाड़ का भी मार्मिक वर्णन किया है।
मेनका गांधी से टकराव और गांधी परिवार से विदाई
संस्मरण में मेनका गांधी के साथ रिश्तों में आई कड़वाहट का भी विस्तार से उल्लेख है। सोनिया के मुताबिक, संजय गांधी से शादी के बाद परिवार में आईं मेनका धीरे-धीरे घरेलू और राजनीतिक विवादों का हिस्सा बनती चली गईं।
सोनिया ने आरोप लगाया कि संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर परिवार में मतभेद बढ़े और इंदिरा गांधी को भी मेनका की गतिविधियों पर आपत्ति होने लगी। संजय की 1980 में विमान दुर्घटना में मौत के बाद राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और पारिवारिक असहमति ने स्थिति और बिगाड़ दी। अंततः मेनका को इंदिरा गांधी का घर छोड़ना पड़ा। सोनिया ने इस घटनाक्रम को आज के दौर के ‘रियलिटी शो’ जैसा बताया है।
इंदिरा गांधी के गुस्से से कांप उठती थीं सोनिया
सोनिया ने अपनी सास इंदिरा गांधी के स्वभाव का एक दूसरा पहलू भी सामने रखा है। उन्होंने लिखा कि इंदिरा कभी-कभी गुस्से में कर्मचारियों को कमरे के कोने में खड़ा कर देती थीं या किसी व्यक्ति को दीवार की ओर मुंह करके खड़े रहने का आदेश देती थीं।
नाराजगी होने पर कई दिनों तक बातचीत बंद कर देती थीं। सोनिया के मुताबिक, शुरुआत में वह इंदिरा के गुस्से से बहुत डरती थीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें समझने लगीं। गुस्सा शांत होने के बाद इंदिरा को अपने व्यवहार पर पछतावा भी होता था।
प्रणब मुखर्जी की PM बनने की इच्छा का जिक्र
सोनिया ने बताया कि 2010 में प्रणब मुखर्जी ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री बनने की अपनी पुरानी इच्छा का संकेत दिया था। उन्होंने शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आने की बात कही थी। सोनिया ने इसे प्रधानमंत्री पद की उनकी महत्वाकांक्षा के रूप में समझा और बातचीत का रुख बदल दिया।
क्लिंटन, सरकोजी और डायना से जुड़ी दिलचस्प यादें
संस्मरण में अंतरराष्ट्रीय हस्तियों से मुलाकातों के रोचक प्रसंग भी हैं। सोनिया ने लिखा कि 2000 में भारत यात्रा के दौरान बिल क्लिंटन को उन्होंने स्वागत समारोह में खूबसूरत महिलाओं को चोरी-छिपे निहारते देखा था। उन्होंने निकोलस सरकोजी और कार्ला ब्रूनी की प्रेम कहानी तथा राजकुमारी डायना के साथ अपनी मुलाकातों को भी याद किया है। डायना के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा कि उनकी वैवाहिक जिंदगी की परेशानियां देखकर उन्हें हमेशा दु:ख होता था।