फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

‘बांग्लार युवा साथी’ योजना में अभूतपूर्व भागीदारी

‘युवा साथी’ की दौड़ में मुर्शिदाबाद जिला सबसे आगे, कोलकाता से ऑनलाइन आवेदनों की भरमार

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य सरकार की बेहद ही अहम ‘बांग्लार युवा साथी’ योजना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर काम जोर शोर से चल रहा है। राज्यभर से भारी संख्या में युवाओं ने इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन किया है। युवा कल्याण विभाग के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 26 फरवरी तक मिले आवेदन में करीब 80 लाख से अधिक युवाओं के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जो इस योजना के प्रति युवाओं की बड़ी दिलचस्पी को दर्शाता है। सूत्रों के मुताबिक सबसे ज्यादा आवेदन मुर्शिदाबाद जिला से आया है। वहीं, सबसे कम आवेदन कलिम्पोंग जिले से प्राप्त हुए हैं। इसके पीछे वहां की युवा आबादी को माना जा रहा है। इसके अलावा कोलकाता से ज्यादा ऑनलाइन आवेदन किये गये है।

जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को इसे लेकर विभागीय स्तर पर अहम बैठक की गयी। दस्तावेज वेरिफिकेशन के अलावा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं। इसके लिए जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो आवेदन की जांच, डेटा मिलान और पात्रता की पुष्टि का कार्य कर रही हैं। निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए विभाग तेजी से काम कर रहा है। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और नियमित समीक्षा बैठकें भी की जा रही हैं। योजना के सफल क्रियान्वयन से राज्य के लाखों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा और यह उनके सशक्तीकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सरकार का लक्ष्य है कि 1 अप्रैल से लाभार्थियों को योजना का लाभ पहुंचाया जाए।

एक नजर इस पर

बजट 2026-27 में बांग्लार युवा साथी योजना की घोषणा की गयी है। इसके तहत दसवीं पास 21 से 40 वर्ष की आयु के युवा को नौकरी मिलने तक या अधिकतम पांच साल मासिक 1500 रुपये मिलेंगे। इस योजना का उद्देश्य नौकरी चाहने वाले युवाओं को वित्तीय सहायता और रोजगार के अवसर प्रदान करना है।

SCROLL FOR NEXT