सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :पश्चिम बंगाल विधानसभा में 'यूनिवर्सिटीज़ एंड कॉलेजेज़ (संशोधन) बिल 2024' के पास होने के बाद उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर तीखा राजनीतिक और शैक्षणिक घमासान शुरू हो गया है। इस नए कानून के तहत राज्य सरकार को सरकारी सहायता प्राप्त विश्वविद्यालयों के शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों का दूसरे संस्थानों में तबादला करने का अधिकार मिल गया है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रशासनिक जरूरत और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने का कदम बताया है, वहीं जादवपुर यूनिवर्सिटी और कलकत्ता यूनिवर्सिटी सहित कई संस्थानों के शिक्षकों ने इसे भारी चिंता का विषय बताया है।
स्वायत्तता पर हमला और कानूनी उलझनें
एबीयूटीए (ABUTA) और जादवपुर यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (JUTA) जैसे प्रमुख संगठनों ने इस संशोधन को यूनिवर्सिटी की स्वायत्तता और अकादमिक आजादी पर सीधा हमला करार दिया है। शिक्षकों का तर्क है कि प्रत्येक यूनिवर्सिटी अपनी विशिष्ट भर्ती प्रक्रिया और नियमों के तहत काम करती है, और बिना सहमति के अचानक तबादला करने की नीति मौजूदा सेवा शर्तों के खिलाफ है। जेयूटीए ने यह भी चेतावनी दी है कि इससे न केवल चल रहे वैज्ञानिक शोध कार्यों में गंभीर बाधा आएगी, बल्कि उन शोधार्थियों का भविष्य भी अधर में ल लटकेगा जो विशिष्ट प्रयोगशाला उपकरणों पर अपने मार्गदर्शक के अधीन काम कर रहे हैं। विपक्ष और छात्र संगठन डीएसओ (DSO) ने भी आशंका जताई है कि इस कानून का इस्तेमाल राजनीतिक नियंत्रण स्थापित करने के लिए किया जा सकता है।
सरकारी तर्क और कुछ संगठनों का समर्थन
इन तमाम विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि संविधान की समवर्ती सूची के तहत राज्य विधानसभा को शिक्षा पर कानून बनाने का पूरा अधिकार है और सरकार शोधार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (उच्च शिक्षा) ने इस बिल का खुलकर समर्थन करते हुए कहा है कि यदि स्वायत्तता किसी शिक्षण संस्थान के पतन का कारण बनने लगे, तो चुनी हुई सरकार का हस्तक्षेप करना नैतिक और प्रशासनिक कर्तव्य बन जाता है। सरकार का यह भी मानना है कि इस नीति से उन कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग्य शिक्षकों की कमी दूर की जा सकेगी जहां पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। हालांकि, शिक्षकों और संघों के तीखे विरोध के चलते यह संशोधित बिल आने वाले दिनों में और अधिक कानूनी बहसों को जन्म दे सकता है।