नयी दिल्ली : कांग्रेस ने महंगाई को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ‘सब चंगा सी’ का दावा किया था, लेकिन अब स्थिति यह है कि ‘सब महंगा सी’ हो गया है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा कि अच्छे दिन का वादा किया गया था, लेकिन, हर दिन महंगाई का नया वार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के खिलाफ वोट मांगकर सत्ता में आई सरकार के कार्यकाल में महंगाई का खामियाजा मध्यम और गरीब वर्ग को भुगतना पड़ रहा है।
रसोई से लेकर रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पादों तक की बढ़ती कीमतों ने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि दूध, चावल, आटा, दाल, खाद्य तेल, प्याज, आलू, टमाटर, चीनी और घी समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमूल और मदर डेयरी ने भी एक बार फिर दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं।
रमेश ने दावा किया कि दीपावली के बाद से हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे बड़े ब्रांड ने डिटर्जेंट और होम केयर उत्पादों के दाम 11% तक बढ़ा दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्फ एक्सेल, रिन, व्हील और मोती गुलाब साबुन जैसे रोजमर्रा की जरूरत के उत्पाद भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार का दावा है कि देश में चीनी का उत्पादन 4 गुना तक बढ़ गया है और 36 लाख टन पुराना भंडार भी मौजूद है, तो आम जनता को महंगाई से राहत क्यों नहीं मिल रही है? उन्होंने कहा कि दालों के मामले में भी ऐसी ही स्थिति है। कांग्रेस महासचिव ने पेट्रोल में ई20 (20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा, ‘क्या पेट्रोल में ई20 की मिलावट की दोहरी मार हमें बढ़ती महंगाई और मिलावटी पेट्रोल के रूप में भुगतनी पड़ रही है?’ रमेश ने कहा कि जनता जानना चाहती है कि आखिर कब तक झूठे दावों के पीछे छिपकर उसकी जेब पर बोझ डाला जाता रहेगा।
उन्होंने कहा, ‘देश की जनता को सरकारी दावे और नीतियों के वादे नहीं चाहिए, हमारी मांग है कि महंगाई पर प्रभावी अंकुश लगे।’ उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्रीजी, आपने पहले कहा था- सब चंगा सी, लेकिन अब तो- सब महंगा सी!’