सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

उलूबेड़िया नगरपालिका के 22 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवा होगी समाप्त !

1 सितंबर से पदों पर नहीं रहेंगे ये कर्मचारी

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : राज्य की विभिन्न नगरपालिकाओं में सेवानिवृत्ति के बाद भी कार्यरत कर्मचारियों को हटाने के फैसले का असर अब उलूबेड़िया नगरपालिका पर भी पड़ा है। नगरपालिका के 22 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। आगामी 1 सितंबर से ये कर्मचारी अपने पदों पर कार्यरत नहीं रहेंगे। नगरपालिका सूत्रों के अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद करीब 26 कर्मचारी विभिन्न पदों पर काम कर रहे थे। इनमें 22 कर्मचारी उलूबेड़िया नगरपालिका के थे, जबकि चार अधिकारियों को नगर एवं शहरी विकास विभाग की ओर से भेजा गया था। सरकार के निर्देश के बाद नगरपालिका के 22 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की जा रही हैं।

चार वरिष्ठ अधिकारियों को फिलहाल मिली राहत

हालांकि, विभाग की ओर से भेजे गए चार अधिकारियों को फिलहाल उनके पदों पर बनाए रखने का फैसला किया गया है। इन चार अधिकारियों में एक असिस्टेंट इंजीनियर, एक स्वास्थ्य अधिकारी और जल आपूर्ति विभाग के दो पदाधिकारी शामिल हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को बनाए रखने का उद्देश्य नगरपालिका के महत्वपूर्ण कामकाज को प्रभावित होने से बचाना बताया जा रहा है। इधर, 22 अनुभवी कर्मचारियों के हटने से नगरपालिका के विभिन्न विभागों के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों और अधिकारियों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां इन कर्मचारियों के पास थीं। ऐसे में नगर एवं शहरी विकास विभाग को जल्द वैकल्पिक नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि प्रशासनिक और नागरिक सेवाओं में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।

SCROLL FOR NEXT