निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले की उलूबेड़िया नगरपालिका में अचानक उपजे राजनीतिक घटनाक्रम ने सनसनी फैला दी है। राज्य के नगर विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय के उलूबेड़िया दौरे के ठीक अगले दिन, मंगलवार को उलूबेड़िया नगरपालिका के चेयरमैन अभय दास और जल विभाग के मेयर-इन-काउंसिल अकबर शेख सहित कुल 10 पार्षदों ने अपने पद से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। मंगलवार की शाम लगभग साढ़े 7 बजे सभी पार्षदों ने उलूबेड़िया के एसडीओ मानस कुमार मंडल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस अचानक उठाए गए कदम को लेकर क्षेत्र की राजनीति में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, सामूहिक इस्तीफे की वजह पर सफाई देते हुए पूर्व चेयरमैन अभय दास ने कहा कि उन्होंने पूरी तरह से स्वास्थ्य संबंधी व्यक्तिगत कारणों से अपने पद से त्यागपत्र दिया है। उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने वाले पार्षदों में 3 नंबर वार्ड के पार्षद सुमन सापुई, 5 नंबर वार्ड की पार्षद स्वप्ना सेन, 7 नंबर वार्ड के पार्षद हाफिजुर रहमान, 13 नंबर वार्ड की पार्षद सौमी राय, 18 नंबर वार्ड के पार्षद प्रवीण मन्ना, 23 नंबर वार्ड की पार्षद तान्वी निजाम मोल्ला, 24 नंबर वार्ड के पार्षद शेख हाशिबुर रहमान और 28 नंबर वार्ड के पार्षद समीरुद्दीन मोल्ला शामिल हैं। पूर्व चेयरमैन ने यह भी कहा कि बुधवार को कुछ और पार्षद भी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
अब प्रशासक को दी जायेगी पालिका की जिम्मेदारी : उमेश राय
वहीं इस मामले में राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा कि ये उनलोगों का निजी फैसला है। अब वहां प्रशासक बैठाया जायेगा और नगरपालिका का कामकाज प्रशासक संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि सोमवार को उलूबेड़िया नगरपालिका की बदहाल व्यवस्था को लेकर राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय ने कड़ा रुख अपनाया। नगरपालिका पहुंचकर उन्होंने चेयरमैन, पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक की। मंत्री ने स्पष्ट किया था कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। वहीं इसके बाद मंगलवार को पालिका के चेयरमैन सहित 10 पार्षदों ने यह कदम उठाया है।