फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

2036 ओलंपिक पर नजर: हावड़ा के उलूबेड़िया कॉलेज में आयोजित होगा 'खेलो इंडिया युवा कनेक्ट'

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए तैयार करने और जमीनी स्तर से नई खेल प्रतिभाओं को तलाशने के उद्देश्य से देशभर में 'खेलो इंडिया युवा कनेक्ट' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में हावड़ा के उलूबेड़िया कॉलेज में भी इस विशेष राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस आयोजन के लिए देश के चुनिंदा 'ए' श्रेणी के प्राइम लोकेशन में उलूबेड़िया कॉलेज को शामिल किया गया है।

देशभर के 1,600 से अधिक स्थानों पर राष्ट्रीय आयोजन

उलूबेड़िया कॉलेज की प्राचार्य लिपिका मंडल ने बताया कि देश के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में 'युवा कनेक्ट' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में 8 लाख से अधिक युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इससे पहले भी प्रधानमंत्री के एक कार्यक्रम में इस कॉलेज के 1,200 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे।

खिलाड़ियों को जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद का मिलेगा मौका

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रतिभावान युवाओं को तराशना है। कार्यक्रम के दौरान युवा खिलाड़ी मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं व सुझाव साझा कर सकेंगे। यह पहल हावड़ा जिले के युवा एथलीटों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगी।

SCROLL FOR NEXT