टॉप न्यूज़

उल्फा-आई का नेता रूपम असोम को असम-अरुणाचल बार्डर से किया गया गिरफ्तार

जाने क्या है पूरा मामला

डिब्रूगढ़/तिनसुकिया : असम-अरुणाचल प्रदेश की सीमा से सटे जंगल क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार को प्रतिबंधित संगठन उल्फा (आई) के ‘ऑपरेशनल कमांडर’ रूपम असोम को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन के और सदस्यों की तलाश में इलाके में अभियान जारी है। रूपम असोम पर आरोप है कि वह असम के कई हिस्सों में संगठन की जबरन वसूली की गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उसका नाम 2018 में बोरदुमसा थाने की प्रभारी भास्कर कालिता की हत्या के मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा दायर आरोपपत्र में भी शामिल था। तिनसुकिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिजीत गौरव ने कहा कि रूपम की गतिविधियों पर सुरक्षा बल पिछले चार-पांच महीनों से नजर रख रहे थे।

एसपी ने कहा कि तिनसुकिया जिले के मार्गेरिटा इलाके में रूपम और उसके साथियों के मौजूद होने की खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किए गए संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित संगठन उल्फा (आई) के ‘ऑपरेशनल कमांडर’ रूपम असोम को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक बंदूक और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित संगठन का ‘ऑपरेशनल कमांडर’ रूपम कई मामलों में वांछित था, जिसमें कालिता की हत्या, जबरन वसूली, बम विस्फोट, अपहरण और सुरक्षा बलों पर हमले शामिल थे। रूपम और उसके साथी अंतरराज्यीय सीमा पर छिपकर जबरन वसूली की गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।

SCROLL FOR NEXT