सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

खड़दह में तालाब भराई पर भिड़े दो गुट, 5 घायल

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

खड़दह : उत्तर 24 परगना जिले के खरদহ नगर पालिका अंतर्गत पातुलिया ग्राम पंचायत का डांगादीघिला इलाका शनिवार को रणक्षेत्र में बदल गया। तालाब भराई (जमीन भराई) के विवाद को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कम से कम 5 लोग घायल हुए हैं और व्यापारियों पर भी हमले के आरोप लगे हैं।

आरोप-प्रत्यारोप का दौर

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संघर्ष बैरकपुर पंचायत समिति के ब्लॉक अध्यक्ष प्रसेनजीत साहा के गुट और स्थानीय पंचायत प्रधान के गुट के बीच हुआ। पंचायत प्रधान समर्थकों का आरोप है कि प्रसेनजीत साहा के नेतृत्व में उपद्रवियों ने हथियारों के साथ हमला किया। दूसरी ओर, ब्लॉक अध्यक्ष प्रसेनजीत साहा ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने इंडस्ट्रियल पार्क और आसपास की पंचायतों में अवैध तालाब भराई रोकने का निर्देश दिया था, जिसके कारण विरोधी गुट उन्हें फंसाने की साजिश रच रहा है।

थाने के सामने भी हंगामा

तनाव इतना बढ़ गया कि रहड़ा थाने के सामने भी दोनों गुटों के नेता एक-दूसरे को उंगली दिखाकर धमकी देते और बहस करते नजर आए। इलाके में भारी तनाव को देखते हुए रहड़ा थाने की विशाल पुलिस वाहिनी मौके पर तैनात की गई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

SCROLL FOR NEXT