कोलकाता : नॉर्थ पोर्ट थानांतर्गत आर्मेनियन घाट इलाके से अवैध हथियार के साथ पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम अमित सिंह (30) और अर्जुन दास (46) हैं। उनके पास से एक सिंगल शटर बंदूक और दो कारतूस बरामद किये गये हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अमित सिंह रवींद्र सरणी इलाके का निवासी है, जबकि अर्जुन दास इमाम बक्स लेन का रहने वाला है। छानबीन के दौरान अमित के पास से एक देसी बंदूक और एक कारतूस जबकि अर्जुन के पास से एक कारतूस बरामद किया गया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया है। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनके पास ये हथियार कहां से आए, वे इन्हें किस उद्देश्य से लेकर आए थे, और क्या इसके पीछे किसी तरह की आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना थी। जांचकर्ता हर पहलू पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। लगातार शहर से अवैध हथियारों की बरामदगी को लेकर अब बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। आखिर इतनी मात्रा में ये हथियार शहर में कहां से आ रहे हैं? पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।