भोपाल की ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अब और तेज हो गई है। मध्य प्रदेश सरकार से केस अपने हाथ में लेने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दहेज हत्या और उत्पीड़न की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक, ट्विशा की शादी 9 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी। आरोप है कि शादी के समय ‘विदाई’ के दौरान उनकी सास गिरिबाला सिंह ने 2 लाख रुपये की मांग की थी, जिसे पीड़िता के परिवार ने पूरा भी किया। इसके बावजूद ट्विशा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
इस मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है। समर्थ सिंह, जो घटना के बाद फरार था, उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा का शव भोपाल स्थित उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ‘एंटेमॉर्टेम हैंगिंग’ की पुष्टि हुई है, वहीं शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
परिवार की मांग पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है, जो AIIMS की टीम द्वारा किया जाएगा। परिवार ने पहले पोस्टमार्टम में खामियों का आरोप लगाया था। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए मीडिया से संयम बरतने को कहा है। कोर्ट ने साफ किया कि बिना पूरी जानकारी के किसी एक पक्ष के दावों को बढ़ावा देना उचित नहीं है। फिलहाल CBI दहेज हत्या, उत्पीड़न और साजिश समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।