समय को लेकर पुलिस पर उठ रहे ये सवाल चित्र इंटरनेट से साभार
टॉप न्यूज़

ट्विशा की मौत का मामला : समय को लेकर पुलिस पर उठ रहे ये सवाल

  भोपाल : ट्विशा शर्मा की हत्‍या नहीं हुई, उसने आत्‍महत्‍या की, अब तक की जांच के बाद भोपाल पुलिस यही मानकर चल रही है। हालांकि, ट्विशा की मौत से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और इस केस की एफआईआर कई सवाल खड़े कर रही है। सबसे बड़ा सवाल तो यह उठ रहा है कि सीसीटीवी में ट्विशा का शव रात 8 बजकर 20 मिनट पर उतारते दिख रहा है, तो मौत का समय 10 बजकर 50 मिनट कैसे हो सकता है ? वहीं, जिस बेल्‍ट से शव ट्विशा का शव टंगा था, पोस्‍टमार्टम कर रहे डॉक्‍टरों को वो भी नहीं दी गई। क्‍या ट्विशा की मौत के मामले में कोई और बड़ा खुलासा होना अभी बाकी है ?

बेल्ट को लेकर सबसे बड़ा सवाल

ट्विशा की मौत के मामले में सबसे बड़ा सवाल बेल्ट को लेकर है। परिवार का कहना है कि जिस बेल्ट से फांसी लगी, उसे पोस्टमार्टम के समय अस्पताल नहीं भेजा गया। भोपाल के पुलिस कमिश्‍नर ने कहा कि बेल्ट को एफएसएल टीम ने जब्त किया था, लेकिन उसे समय पर अस्पताल नहीं भेजा जा सका। इसे लापरवाही कहा जा सकता है और इस पर अलग से जांच होगी। बाद में बेल्ट अस्पताल भेज दी गई और रिपोर्ट भी आ गई। इससे जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा। गर्दन के निशान और बेल्ट का मिलान जरूरी था और किया गया। देरी से अंतिम रिपोर्ट पर कोई असर नहीं पड़ा है।

एफआईआर में ट्विशा की उम्र को लेकर अलग-अलग जानकारी क्‍यों?

ट्विशा की मौत को लेकर लिखी गई पुलिस की एफआईआर में कई झोल नजर आ रहे हैं। एनडीटीवी के पास मामले की एफआईआर की कॉपी मौजूद है। एफआईआर में ट्विशा की उम्र का जिक्र 3 बार किया गया है और तीनों बार ये अलग-अलग है। एक जगह ट्विशा की डेट ऑफ बर्थ 16/04/1987 लिखी गई है। दूसरी जगह ट्विशा की उम्र 33 साल और तीसरी जगह 31 साल बताई गई है। आखिर, ट्विशा की उम्र कितनी है, पुलिस इसे लेकर इतनी कंफ्यूज कैसे हो सकती है ?

जब शव मुर्दाघर में, फिर एफआईआर में क्‍यों लिखा- बॉडी परिवार को सौंपी? 

ट्विशा के परिवार ने अभी तक शव को नहीं लिया है, लेकिन एफआईआर में पुलिस ने लिखा है कि डेडबॉडी को परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस ऐसा दावा कैसे कर सकती है? ट्विशा की बॉडी अभी तक मुर्दाघर में ही रखी है। बता दें कि पुलिस ने अब ट्विशा के परिवार को एक पत्र लिखकर शव लेने और अंतिम संस्‍कार करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि ट्विशा की डेडबॉडी मॉच्युरी में रखी-रखी गलने लगी है, इसलिए परिवार को जल्‍द से जल्‍द डेडबॉडी को लेकर अंतिम संस्‍कार कर देना चाहिए। हालांकि, ट्विशा के परिवार का कहना है कि उचित कार्रवाई होने तक वे डेडबॉडी को नहीं लेंगे।    

मौत का सही समय क्या था ?

ट्विशा की मौत से जुड़ा एक सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें ससुराल के लोग उसे फंदे से उतारकर नीचे लाते हुए नजर आ रहे हैं। ट्विशा सीसीटीवी में शाम 7 बजकर 20 मिनट पर सीढ़ियों से छत पर जाते दिख रही है। इसके बाद 8 बजकर 20 मिनट के आसपास तीन लोग ट्विशा की बॉडी को उतारते दिख रहे हैं, लेकिन एफआईआर में मौत का समय रात 10 बजकर 50 मिनट बताया गया है। इन तीन घंटों का क्या रहस्य है। क्या सीसीटीवी का टाइम सेट नहीं था या फिर कोई और ही मामला है? 

एफआईआर के बाद भी समर्थ को गिरफ्तार क्यों नहीं किया? 

ट्विशा की मौत 12 मई को हुई, लेकिन इस मामले की एफआईआर 3 दिन बाद 15 मई को दर्ज की गई। इन तीन दिनों में पुलिस ने आरोपी नंबर वन यानि ट्विशा के पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार क्‍यों नहीं किया ? समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है, लेकिन 8 दिनों बाद भी समर्थ को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। समर्थ पर अब पुलिस ने इनाम भी घोषित कर दिया है, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया है। 

ट्विशा की मौत से जुड़े कुछ सवाल हैं, जो पुलिस की कार्रवाई और सुसराल वालों को शक के घेरे में लाते हैं। ट्विशा का परिवार शुरुआत से कह रहा है कि उनकी बेटी की हत्‍या की गई। पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट में भी ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान देखने को मिले हैं। ऐसे में समर्थ की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कई राज खुल सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT