टीवी इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 'पांड्या स्टोर' और 'काशीबाई बाजीराव बल्लाल' जैसे धारावाहिकों में काम कर चुके अभिनेता रोहित चंदेल को 16 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर पीछा करने, बार-बार फोन कर परेशान करने और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने रोहित चंदेल के खिलाफ POCSO (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और 115(2) (चोट पहुंचाना) भी लगाई गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, रोहित चंदेल को 10 जुलाई को दहिसर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
शिकायत के अनुसार, अभिनेता ने नाबालिग लड़की को अपने और अन्य नंबरों से लगातार फोन कर परेशान किया। आरोप है कि 5 जुलाई को उन्होंने लड़की का उसके आवास के पास पीछा किया, उससे बहस की, गाली-गलौज की और कथित तौर पर मारपीट भी की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। मामले की जांच जारी है। फिलहाल रोहित चंदेल या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।