टॉप न्यूज़

नकली दस्तावेज के साथ ट्यूटर गिरफ्तार

बनगांव : बागदा थाने की पुलिस ने बुधवार की देर रात एक गृह शिक्षक के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान अभियुक्त निशिकांत सरकार (56) के घर से पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बरामद किये हैं। अभियुक्त को गुरुवार को बनगांव कोर्ट में पेश किया गया जहां कोर्ट ने उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को निशिकांत के अवैध कार्यों को लेकर शिकायत मिली थी। इस पर एक टीम ने उस पर नजर रखने के बाद अभियुक्त के पाथुरिया स्थित घर में छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में स्कूल प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पंचायत प्रमाण पत्र, स्कूल के अन्य प्रमाण पत्र, कई रबर स्टैंप (प्रधानाध्यापक, बीडीओ कार्यालय), शरणार्थी प्रमाण पत्र और प्रवास प्रमाण पत्र बरामद किये गये। एक ट्यूटर के घर से बड़ी संख्या में फर्जी प्रमाण पत्र बरामद किये जाने को लेकर पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि इस काम में एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। पुलिस अभियुक्त के जरिये अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस मामले में निशिकांत की क्या भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT