टॉप न्यूज़

पाकिस्तान से दोस्ती पर तुर्की का बचाव, भारत से रिश्ते सुधारने की जताई इच्छा

तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान बोले- भारत को अंकारा-इस्लामाबाद संबंधों से नहीं होनी चाहिए नाराजगी

सिंगापुर : तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने एक बार फिर पाकिस्तान के साथ अपने देश के करीबी संबंधों का बचाव करते हुए कहा है कि भारत को इससे नाराज नहीं होना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तुर्की भारत के साथ बेहतर और मजबूत संबंध विकसित करना चाहता है।

सिंगापुर में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज (IISS) के एक कार्यक्रम में बोलते हुए फिदान ने कहा कि तुर्की और पाकिस्तान के बीच ऐतिहासिक संबंध हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि भारत के साथ रिश्तों को नुकसान पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा, “तुर्की अकेला ऐसा देश नहीं है जिसके पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध हैं। विभिन्न देशों के साथ अलग-अलग मुद्दों पर हमारे सहयोग और मतभेद दोनों रहते हैं। हमें नकारात्मक मुद्दों को अलग रखते हुए सकारात्मक एजेंडे पर आगे बढ़ना चाहिए।”

भारत के साथ संबंधों पर फिदान ने कहा कि दोनों देशों के बीच कोई सीमा विवाद, द्विपक्षीय संघर्ष या नकारात्मक ऐतिहासिक विरासत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत और तुर्की के बीच बेहतर संबंधों के लिए सभी ठोस आधार मौजूद हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में तुर्की के रुख को लेकर भारत में नाराजगी देखने को मिली थी। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत की सैन्य कार्रवाई को तुर्की ने “बिना उकसावे का हमला” बताया था, जिसके बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ गया था।

भारत ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अंकारा में आयोजित तुर्की के राष्ट्रीय दिवस समारोह में आधिकारिक भागीदारी नहीं की थी। इसे दोनों देशों के रिश्तों में आई दूरी का संकेत माना गया था।

हालिया बयान में फिदान ने रिश्तों को सामान्य बनाने और संवाद बढ़ाने की इच्छा जताई है, लेकिन पाकिस्तान को लेकर तुर्की के रुख पर भारत की चिंताएं अभी भी बरकरार मानी जा रही हैं।

SCROLL FOR NEXT